बरेली। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई रकम में से 7 लाख 92 हजार 500 रुपये वापस करा दिए। साइबर ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 9 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए थे।पुलिस के अनुसार इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ऑफिसर एन्क्लेव निवासी उमा शरण पाण्डेय ने थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से ‘इंडियन बैंक पेंशन कार्ड’ के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके इंडियन बैंक खाते से 4 लाख 98 हजार रुपये की दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 9 लाख 98 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।तहरीर के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आई4सी (I4C) साइबर पोर्टल, संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर मनी ट्रेल का पीछा किया। प्रयासों के बाद ठगी की गई रकम में से 7,92,500 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में रिवर्स करा दिए गए। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।