बदायू। जे.एस. (पीजी) कॉलेज में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रबंधक नरेंद्र कुमार यादव, प्राचार्य डॉ. निशि अवस्थी, उपप्राचार्य राहुल कुमार एवं उपस्थित शिक्षकगण ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी विषय पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें शुद्ध वर्तनी प्रतियोगिता, मुहावरे एवं लोकोक्तियां प्रतियोगिता तथा हिंदी क्विज प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी हिंदी भाषा संबंधी जानकारी एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं में बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा निष्ठा दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र अक्षय कुमार ने द्वितीय तथा छात्रा कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को कॉलेज की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी छविराम सिंह, डॉ. अंशुमान गुप्ता, अजय पाल सिंह एवं रितु दीक्षित ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल कुमार ने किया। इस अवसर पर आकाश कुमार, योगेंद्र कुमार, निखिल कुमार, सना खान, फिरदौस बी, उमरा खान, रंजना बघेल, पूजा रानी, रिंकू उपाध्याय एवं मीडिया प्रभारी सुनील कुमार भास्कर सहित कॉलेज के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।