बदायूं। हिंदी दिवस के अवसर पर रेगालिया गार्डन कॉलोनी, मझिया रोड स्थित दिल्ली चैंप्स स्कूल में हिंदी भाषा के प्रति बच्चों में प्रेम, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हिंदी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।विद्यार्थियों ने हिंदी कविताओं, भाषण, सुंदर लेखन तथा अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता को प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व और उसके गौरवशाली इतिहास की जानकारी भी दी। विद्यालय के निदेशक प्रदीप कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, भावनाओं और संस्कारों से जुड़ी हुई है। उन्होंने बच्चों से दैनिक जीवन में हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा भाषा के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।