वजीरगंज। गणेश चतुर्थी के अवसर पर नगर पंचायत वजीरगंज में मंगलवार को गणेश शोभायात्रा धूमधाम, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा के रवाना होते ही पूरा नगर भगवान श्री गणेश के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। शोभायात्रा में वजीरगंज नगर पंचायत के अलावा ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।शोभायात्रा में प्रसिद्ध काली अखाड़ा, बैंड-बाजे, भगवान श्री गणेश की भव्य झांकी, महाकाल की झांकी, राधा रानी कीर्तन मंडली, वजीरगंज का प्रसिद्ध संगीत कला केंद्र, मां काली की झांकी और बाहुबली हनुमान सहित अनेक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही।गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष गोपाल वार्ष्णेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश शोभायात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई है। उन्होंने बताया कि वजीरगंज के प्रसिद्ध भोलानाथ मंदिर परिसर में भगवान श्री गणेश जी के मंदिर का निर्माण भी कराया जा रहा है। लोगों से मिल रहे सहयोग के आधार पर मंदिर निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन में गोपाल वार्ष्णेय, अमरीश वार्ष्णेय, संजीव कुमार वार्ष्णेय, पुष्कर वार्ष्णेय, राहुल कुमार वार्ष्णेय, मुकेश कुमार वार्ष्णेय (डेयरी वाले), रवि गुप्ता, अनिल कुमार वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।