बदायूं। श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में गणेश चतुर्थी का पावन पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से क्राफ्ट के माध्यम से भगवान श्री गणेश की सुंदर आकृतियां तैयार कीं। इस दौरान शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी मदद प्रदान की। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा लगाए गए ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो नन्हे-मुन्ने बालक अपने गणपति बप्पा के स्वागत के लिए विशेष रूप से उत्साहित हों। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डीके चड्ढा, प्रधानाचार्य दिव्या शर्मा एवं समस्त अध्यापिकाओं ने विधि-विधान से विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर बच्चों के कुशल-मंगल की प्रार्थना की। उन्होंने भगवान गणेश से विद्यालय के सभी बच्चों को ज्ञान, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर यूकेजी कक्षा के बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती एवं गजानन से संबंधित मनमोहक नाटक प्रस्तुत किया। वहीं कुछ बच्चों ने विभिन्न गणेश वंदनाओं पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने भगवान गजानन के विभिन्न नामों का उच्चारण करते हुए शिक्षा, ज्ञान और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य दिव्या शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।