सलारपुर। रोजगार सेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश कुमार द्वारा ग्राम पंचायत बिलहट में तैनात रोजगार सेवक दिनेश कुमार को रोजगार सेवक संघ का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जिलाध्यक्ष बनने के बाद मंगलवार को पहली बार सलारपुर ब्लॉक पहुंचने पर रोजगार सेवकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ फूलमालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार सोलंकी ने सभी रोजगार सेवक साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में व्यक्तिगत विवादों के बजाय रोजगार सेवकों के हितों, कार्य और संघर्ष को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी भी साथी की समस्या को लेकर संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा।दिनेश कुमार ने कहा कि वह रोजगार सेवकों के हितों के लिए तन, मन और धन से समर्पित होकर कार्य करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी साथियों को साथ लेकर चलेंगे। उनके जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सुधीर कुमार सिंह, उपदेश कुमार, अनमोल कुमार, राजकुमार, श्यामवीर सिंह, अर्येन्द्र सिंह, नेत्रपाल सिंह, फिरासत अली, उमेश चंद्र, जसवंत कुमार, छोटेलाल, परवेज हसन, नवाब हसन, दयाराम, सर्वेश, प्रमोद, प्रेमपाल, देवेंद्र सिंह और अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।