उझानी । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2022 के विधानसभा चुनाव में 2017 के चुनाव की तुलना में बड़ी जीत दर्ज करेगी। भाजपा की “जन विश्वास यात्रा” में यहां आए उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 60 प्रतिशत से अधिक वोटों के साथ 300 से अधिक सीटें जीतेगी। उल्लेखनीय है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में करीब 40 फीसदी वोटों के साथ 312 सीटें जीती थीं और 13 सीटें भाजपा की सहयोगी पार्टियों को मिली थीं। मौर्य ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी इस बार बदायूं में छक्का लगाएगी। इस सवाल पर कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए राज्य में लगाया गया रात का कर्फ्यू कितना प्रभावी है, मौर्य ने कहा, ”हम जितना भी सावधानी बरत सकते हैं उतनी बरतनी चाहिए, इसको लेकर किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। सावधानी रखनी चाहिए, बचाव करना चाहिए।