बदायूँ। बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हॉल, डी.डी. पुरम के निकट 18 और 19 अगस्त को आयोजित 29वीं इंटर स्कूल क्योरुगी एवं पुमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एचपी इंटरनेशनल स्कूल, बदायूँ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। बरेली, बदायूँ और शाहजहाँपुर के 28 विद्यालयों के बीच हुई प्रतियोगिता में एचपी इंटरनेशनल स्कूल ने फ्रेशर ग्रुप में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ओवरऑल प्रदर्शन में भी सर्वाधिक पदक जीतकर विद्यालय प्रथम स्थान पर रहा।प्रतियोगिता में विद्यालय के 26 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कुल छह स्वर्ण, नौ रजत और 12 कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक विजेताओं में अनंत शर्मा, अलीदा फातिमा, हानिया, संस्कृति, अनुश्री शर्मा और सांवी सिंह शामिल रहे।

रजत पदक जीतने वालों में मो. फुरकान, मो. आहिल, अलीदा फातिमा, पावनी वैश्य, सोफिया, काव्य गुप्ता, आराध्या सिंह, आध्या और संजना यादव शामिल हैं। कांस्य पदक विजेताओं में सुनैना सिंह, सौम्या, लावण्या वैश्य, आराध्या मौर्य, जैनब, ध्रुव शर्मा, शिवांश पटेल, दक्ष गुप्ता, मुदित यादव, यशस्वी प्रजापति, अनंत यादव और भविष्या शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता की खास उपलब्धि अलीदा फातिमा के नाम रही। उन्होंने एक ही चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत दोनों पदक जीतकर अपनी बहुमुखी खेल प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। खिलाड़ियों ने शिक्षक अजय पाल सिंह की देखरेख में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रबंधक-निदेशक शिवम पटेल ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।
निदेशिका सेजल पटेल ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रधानाचार्य सुनील सहानी ने कहा कि प्रतियोगिता में जीत से भी बड़ी उपलब्धि विद्यार्थियों का पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरना है। विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, शिक्षक, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


























































































