सपा पार्षद दल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौपकर करोड़ों रूपये खर्च कर केवल कागजो में नाला सफाई का लगाया आरोप
बरेली। सपा पार्षद दल ने नेता पार्षद दल गौरव सक्सेना के नेतृत्व में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम क्षेत्र में वार्डों के अंदर नालों को लाखों-करोड़ों रूपये खर्च करने के बाद भी केवल कागजों में अथवा ऊपर ऊपर से सफाई करने का आरोप लगाते हुए अभियान चलाकर 10 दिन के अंदर तली झाड़ सफाई कराने की मांग की।सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने कहा कि नगर निगम की नाकामी के चलते इस बार बरसात के कारण नगर निगम क्षेत्र में जगह-जगह जल भराब से जनता को अत्यंत असुविधा हुई है पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई धरातल पर न होकर केवल कागजो तक सीमित रह गई कई वार्डों में तो नालों की सफाई इस बार हुई ही नही जिसके चलते पूरा नगर निगम क्षेत्र जलमग्न हो गया इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।पार्षद अब्दुल कयूम मुन्ना ने कहा कि उनके वार्ड में महादेव सेतु के नीचे सर्विस रोड पर नाले के पत्थर न हटाने की वजह से सफाई नहीं हो पाई जिसके कारण उनका आधे से ज्यादा वार्ड जलमग्न रहा, पार्षद सलीम पटवारी द्वारा अपने वार्ड 74 में टक्कर वाली पुलिया के नाले की वर्षों से सफाई न होने की शिकायत की गई, पार्षद आरिफ कुरैशी द्वारा स्मार्ट सिटी वार्ड आजमनगर में बरसात के पानी के 8-8 घंटे से ज्यादा भरे रहने एवं कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी जमा होने की शिकायत की, पार्षद अलीम सुल्तानी द्वारा किला नदी को साफ कराने हॉर्स वाले नगर रोड पर नालों की विशेष सफाई की मांग की गई, पार्षद गुलवशर द्वारा वार्ड 73 बिधोलिया में जगह-जगह नाले के पटे होने की शिकायत की।सपा पार्षद दल ने नगरायुक्त से वार्डों के अंदर नाले एवं नालियों की तली झाड़ सफाई अभियान चलाकर कराने एवं उनका स्थलीय भौतिक सत्यापन कराने सहित क्षेत्रीय पार्षदों से रिपोर्ट लेने की मांग की इसके साथ ही निर्माण विभाग द्वारा नगर निगम क्षेत्र के जिन स्थानों पर जल भराव रहता है उन स्थानों पर प्राथमिकता पर सड़क एवं नाली के निर्माण की मांग की, अन्यथा सपा पार्षद दल द्वारा जनहित में आंदोलन की बात कही गई।ज्ञापन देने वालों में सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना, अब्दुल कय्यूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी, रईस मियां अब्बासी, सलीम पटवारी, अलीम खाँ सुल्तानी, मो. शाकिर, गुलबशर अंसारी, महशर खान आदि मौजूद रहे।
















































































