दातागंज। नगर स्थित सिंह कोल्ड स्टोरेज में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों, पंचायत प्रतिनिधियों और वरिष्ठ समाजसेवियों की मौजूदगी में सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. इश्तियाक हुसैन रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन मोहम्मद इशहाक एडवोकेट ने की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल सत्ता हासिल करने के लिए हिंदू-मुस्लिम के बीच खाई पैदा करने का काम करते रहे हैं, लेकिन उनकी सोच इससे अलग है। उन्होंने कहा कि दातागंज विधानसभा क्षेत्र में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया और न ही किसी को भेदभाव करने दिया जाएगा। उन्होंने मुस्लिम समाज को क्षेत्र के विकास और सुख-दुख में अपना परिवार बताते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने की बात कही। युवा ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह ‘अंकित भैया’ ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें राजनीति को सेवा का माध्यम मानने की सीख दी है। दातागंज उनका परिवार है और हिंदू-मुस्लिम सभी उनके लिए परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। अध्यक्ष मोहम्मद इशहाक एडवोकेट ने विधायक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में मुस्लिम समाज अमन-चैन के साथ रह रहा है। उसावां नगर पंचायत चेयरमैन नबाब हसन, समाजसेवी डॉ. इकरार हुसैन सहित अन्य वक्ताओं ने विधायक के विकास कार्यों की प्रशंसा की और आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें तीसरी बार विधायक बनाने में मुस्लिम समाज की भूमिका का आह्वान किया। संयोजक डॉ. इश्तियाक हुसैन ने भी लोगों से विधायक का समर्थन करने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रधान, पूर्व सभासद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।