बदायूं। शिक्षक दिवस के अवसर पर शहर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने बदायूं विधानसभा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। कैंप कार्यालय पर आयोजित समारोह में शिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके संस्कार, व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। भावी पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक मेहनत और समर्पण से शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रचार मंत्री एवं जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने शिक्षकों की विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। उन्होंने शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त किए जाने की मांग उठाई। विधायक ने आश्वासन दिया कि मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। समारोह में अरुण यादव, पारुल सागर, सूर्य प्रताप शर्मा, सलमान खान, अमित कुमार, रजनीश कुमार सक्सेना, वीरेंद्र कुमार, आयुषी पाराशरी, अतुल, राजीव कुमार, रमन सिंह, पंकज पाठक सहित दर्जनों उत्कृष्ट शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, प्रदीप गुप्ता, सोनी गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।