सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर जनपदभर में ड्राइंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन
बरेली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरन्तर सेवाकाल के उपलक्ष्य में जनपद बरेली में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को “मेरे सपनों का भारत” विषय पर जनपद के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, अटल आवासीय विद्यालय तथा नवोदय विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत–2047 की परिकल्पना, सुशासन, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल प्रगति तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपने चित्रों, विचारों एवं ज्ञान के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं देश के प्रति समर्पण का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।कंपोजिट स्कूल खड़ौआ सेकेंड, नगर बरेली में डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, वन एवं पर्यावरण मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार की उपस्थिति में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंत्री जी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।इसी क्रम में कंपोजिट स्कूल जसौली नगर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक कैंट संजीव अग्रवाल ने बच्चों की चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शिक्षण संस्थानों में आयोजित प्रतियोगिताओं के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें अभियान के आगामी कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में आगामी एक माह तक विभिन्न जनजागरूकता, शैक्षिक, पर्यावरणीय एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
















































































