बरेली। शहर के व्यस्ततम नॉवल्टी चौराहे के डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का खंभा गंभीर खतरे का सबब बना हुआ है। चार दिन से क्षतिग्रस्त यह भारी-भरकम खंभा पास में लगे एक यूनीपोल (होर्डिंग पोल) के सहारे टिका है, जो कभी भी नीचे गिर सकता है। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, चार दिन पहले रात के वक्त एक बड़े वाहन में बिजली का केबल उलझ गया था, जिसके झटके से खंभा टूटकर झुक गया। गनीमत रही कि खंभा यूनीपोल पर जाकर टिक गया, वरना उसी वक्त कोई बड़ा हादसा हो सकता था। नॉवल्टी चौराहा शहर का मुख्य और बेहद व्यस्त केंद्र है, जहां से रोजाना हजारों राहगीर और वाहन गुजरते हैं। खंभे के ठीक नीचे से दिन-रात ट्रैफिक की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि यह भरभराकर नीचे गिरा, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। जनसेवा टीम के अध्यक्ष व समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने प्रशासन और जिम्मेदार विभाग से खंभे को तुरंत दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना नगर निगम और विद्युत विभाग को फौरन इस खंभे को हटाकर नया पोल लगाना चाहिए ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।