शिव शक्ति गणेश मंडल में गूंजा गणपति बप्पा मोरया का जयघोष, भावपूर्ण माहौल में दी विदाई
बदायूं। पुराना सर्राफा बाजार स्थित शिव शक्ति गणेश मंडल मराठा समुदाय की ओर से गणपति चतुर्थी के अवसर पर विघ्न विनाशक भगवान श्री गणेश की भव्य स्थापना की गई। सात दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं विशेष आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान गणपति बप्पा के दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गणेश आरती के दौरान आईपीएस सुमेध जाधव ने भी मंडल में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आरती में सहभागिता की। इस अवसर पर उनके साथ मित्र हरिकृष्ण वर्मा, श्यामलाल के नाती सहित रचित वैश्य और जितेंद्र महाजन ने भी गणेश आरती में उपस्थित होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया। उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता ने भी गणेश आरती में सहभागिता कर पूजा-अर्चना की। शिव शक्ति गणेश मंडल से जुड़े श्रीकांत मराठा ने बताया कि मराठा समाज के लोग तथा सर्राफा व्यवसायी मिलकर प्रतिवर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ गणेश चतुर्थी महोत्सव मनाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं का नियोजन सिकंदर भाई द्वारा किया जाता है, जिसमें मराठा परिवारों के सदस्य अपना समय और सहयोग प्रदान करते हैं। सात दिनों तक चले गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा, आरती और धार्मिक आयोजनों से पुराना सर्राफा बाजार भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। मंडल के सदस्यों ने कहा कि गणेशोत्सव के ये सात दिन कब बीत जाते हैं, इसका पता ही नहीं चलता और जब बप्पा को विदाई देने का समय आता है तो श्रद्धालुओं की आंखें नम हो जाती हैं।
समापन अवसर पर भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और विशेष आरती की गई। इसके बाद भक्तों ने हर्षोल्लास के साथ गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी। श्रद्धालुओं ने विघ्न विनाशक, रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष पुनः शीघ्र पधारने की प्रार्थना की। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
।
















































































