गौशालाओं में अव्यवस्थाओं के खिलाफ राष्ट्रीय बजरंग दल का धरना, सप्ताहभर में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बदायूं। राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में सोमवार को जिले की गौशालाओं में गौवंशों के प्रति कथित लापरवाही और अव्यवस्थाओं के विरोध में विकास भवन में धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी के नाम पशुपालन विभाग से संबंधित शिकायती पत्र सौंपकर गौशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। संगठन के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता ने शिकायती पत्र दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा।
शिकायती पत्र में सड़क पर घूम रहे गौवंशों को संरक्षित कराने, सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा गौवंशों को सूखे भूसे के साथ हरा चारा और चोकर उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन का आरोप है कि पर्याप्त पोषण और उचित देखभाल के अभाव में गौवंशों की हालत खराब हो रही है।
पदाधिकारियों ने गौशालाओं में पशु चिकित्सकों के नियमित भ्रमण और बीमार व कमजोर गौवंशों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की भी मांग की। साथ ही सभी गौवंशों की अनिवार्य टैगिंग, मृत्यु होने पर टैग नंबर और मृत्यु के कारण का रिकॉर्ड रखने तथा गौशालाओं के सभी रजिस्टर मौके पर उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
संगठन ने गौशालाओं में क्षमता से अधिक गौवंश रखे जाने का आरोप लगाते हुए मानकों के अनुरूप व्यवस्था कराने और ग्राम समाज की भूमि पर हरा चारा उगाने की मांग की। दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों को तत्काल उपचार दिलाकर निकटतम गौशाला में संरक्षित कराने तथा उनके उपचार का सरकारी रिकॉर्ड रखने की मांग भी की गई।
शिकायत में गौशालाओं में वास्तविक गौवंशों की संख्या और सरकारी अभिलेखों में दर्ज संख्या का टैग नंबरों के आधार पर मिलान कराने तथा वीडियोग्राफी के साथ जांच कराने की मांग की गई। सहभागिता योजना के तहत सुपुर्द किए गए गौवंशों का भी सत्यापन कराने की मांग उठाई गई।
इस दौरान करण दक्ष, श्याम शर्मा, विकास सनातनी, दारा सिंह, अंकेश सनातनी, सत्यम गुप्ता, महानंद मौर्या, अजय गुप्ता, शेखर सक्सेना, रूद्र सनातनी, अनिल कश्यप, गौरव मौर्या, गौरव महेश्वरी, आनंद कोली और संजू यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
















































































