नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद को बदायूं स्काउट टीम तैयार, 15 सितंबर को होगी रवाना
बदायूं। स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री वितरण की रणनीति तैयार की गई। बैठक में आपदा पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने, सामग्री एकत्र करने, उसके वर्गीकरण, पैकिंग और परिवहन सहित स्काउट टीम के नेपाल रवाना होने की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक और मानवीय दायित्व है। उन्होंने बताया कि बदायूं जिले की स्काउट टीम नेपाल के आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर 15 सितंबर को रवाना होगी।
पूर्व जिला मुख्यायुक्त डॉ. बीपी सिंह सोलंकी ने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन और मानवता की रक्षा करना है। आपदा के समय स्काउट स्वयंसेवक हमेशा समाज के साथ खड़े होकर पीड़ितों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। नेपाल के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बदायूं स्काउट टीम का आगे आना सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण है। छोटी से छोटी सहायता भी किसी पीड़ित परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकती है।
इंडियन स्काउट गाइड फैलोशिप के अध्यक्ष डॉ. एसके गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं जन-धन की हानि के साथ परिवारों को मानसिक और सामाजिक रूप से भी प्रभावित करती हैं। ऐसे समय में राहत सामग्री के साथ संवेदना, सहयोग और आत्मीयता पहुंचाना भी जरूरी है। जिला रोवर आयुक्त प्रोफेसर डॉ. मनवीर सिंह ने राहत कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्काउट-गाइड संगठन आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता और मानव सेवा के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तैयार करता रहा है।
बैठक में राहत सामग्री एकत्र करने, उसका वर्गीकरण, पैकिंग, परिवहन और वितरण की तैयारियां शुरू करने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने जिले के लोगों से नेपाल के आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना, श्रवण कुमार थरेजा, प्रेमपाल सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, जिला सचिव आलोक कुमार पाठक, सुभाष मैथिल, महिपाल सिंह, विजय कुमार सक्सेना, नंदराम शाक्य, मुनेंद्र बहादुर सक्सेना, आदित्य यादव आदि मौजूद रहे। संचालन जिला संगठन कमिश्नर मुहम्मद असरार एवं पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने किया।
















































































