दातागंज। विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड म्याऊं के ग्राम मौजमपुर तथा विकासखंड दातागंज के ग्राम नवादा बदन में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ की उपस्थिति और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से दोनों गांवों के कुल 490 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की गई। इनमें ग्राम मौजमपुर के 300 और ग्राम नवादा बदन के 190 प्रभावित परिवार शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी पीड़ित परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। विधायक ने प्रशासन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पशुओं के लिए चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी और राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज, तहसीलदार दातागंज, क्षेत्रीय कानूनगो, लेखपाल एवं अन्य राजस्व कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।