बरेली। सोमवार को बरेली के आरटीओ कार्यालय के बाहर अवैध रूप से बने दलालों के चैंबरों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ सरोज सिंह के नेतृत्व में जेसीबी चलाकर बड़ी संख्या में अवैध चैंबरों और कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान आरटीओ परिसर और उसके बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी ने एक-एक कर दलालों के चैंबरों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। आरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि आरटीओ कार्यालय के बाहर अवैध कब्जे और दलालों की गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाए गए। उन्होंने कहा कि आरटीओ परिसर को दलाल मुक्त बनाने और आम लोगों को बिना किसी बिचौलिए के सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। कार्रवाई के दौरान आरटीओ प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही।