बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर धनेटा फाटक स्थित एक खोखा दुकान से 3 किलो 516 ग्राम अवैध गांजा और 45 पव्वे देशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार सोमवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धनेटा फाटक स्थित एक खोखे पर गांजा और अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना पर उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी कर रोहिताश पुत्र नन्हेलाल (38) तथा दुर्गाप्रसाद पुत्र लालजी प्रसाद, दोनों निवासी ग्राम धनेटा, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.516 किलो गांजा पॉलीथीन सहित और 45 पव्वे, कुल 4.5 लीटर देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा और शराब हाईवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों को अधिक कीमत पर बेचते थे। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेश कुमार शर्मा कर रहे हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार, कांस्टेबल चित्रसेन आर्य, हर्ष कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल सुहैब शामिल रहे।