बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली श्री ने सोमवार को शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी के नेतृत्व में सदस्यों ने श्री त्रिवटीनाथ मंदिर, रामपुर गार्डन, गीता पैलेस, सेटेलाइट बस स्टैंड समेत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। अभियान के दौरान क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशा मुक्त भारत के संकल्प से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य तीनों को नुकसान पहुंचाता है। यदि समाज मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता फैलाए तो एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है। क्लब सचिव विकास बंसल ने लोगों को जागरूक करते हुए नारा दिया, “नशा नाश की जड़ है भाई, इससे दूरी में ही है भलाई।” वहीं नितिन सेहता ने कहा, “जीवन अनमोल है, इसे नशे में न खोएं, स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की नींव रखें।” गोविंद टिकियानी और शुभम सिंघल ने संयुक्त रूप से संदेश दिया, “देश को बचाना है, नशे को दूर भगाना है, अब तो बस एक ही सपना नशा मुक्त भारत हो अपना।” क्लब सदस्यों ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस जनजागरूकता अभियान में क्लब अध्यक्ष संजय आयलानी के साथ गोविंद टिकियानी, प्रदीप गुरनानी, नितिन सेहता, विकास बंसल, शुभम सिंघल, संदीप अग्रवाल, नवनीत अग्रवाल, साकेत सुधांशु शर्मा, अनुज शर्मा, विकास अग्रवाल, मयूरेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अमित अग्रवाल, विभु अग्रवाल, चित्रेश खंडेलवाल एवं पुनीत गोयल सहित अन्य रोटरी मित्रों का विशेष सहयोग रहा।