बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा का हस्ताक्षर अभियान, आंदोलन , कालेज बन्द करने की चेतावनी
बरेली। बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों का विरोध तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी छात्र सभा ने सोमवार को कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाकर बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग की। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विभिन्न मदों के नाम पर फीस में बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जबकि फीस वृद्धि को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय के सामने बोर्ड लगाकर छात्रों से हस्ताक्षर कराए गए। अभियान में समाजवादी पार्टी के कई नेता और छात्र नेता भी मौजूद रहे। छात्रों का कहना है कि फीस में नगर निगम टैक्स, वोकेशनल और अन्य मदों को जोड़कर करीब दो हजार रुपये तक की वृद्धि की गई है।
छात्रों ने फीस वृद्धि को लेकर कॉलेज प्रशासन से स्पष्ट जवाब की मांग की है। उनका कहना है कि फीस बढ़ाने के लिए जिन मदों का उल्लेख किया गया है, उनके संबंध में स्पष्ट और सटीक जानकारी सामने नहीं रखी गई है। इसी को लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सपा नेता डॉक्टर अनीस बेग ने भी फीस वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि बरेली कॉलेज में गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दो हजार रुपये तक की फीस वृद्धि की गई है और यह वृद्धि शासन या विश्वविद्यालय स्तर से नहीं होने की बात सामने आ रही है। अनीस बेग ने कॉलेज में शिक्षा के स्तर में गिरावट का मुद्दा भी उठाया और कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को बड़े स्तर पर ले जाया जाएगा।
छात्र रवि पंडित ने आरोप लगाया कि फीस वृद्धि का मुद्दा लगातार सोशल मीडिया पर उठाया जा रहा है, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक अपेक्षित संज्ञान नहीं लिया गया। उनका कहना है कि बरेली कॉलेज में बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर और सामान्य परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं और अचानक फीस बढ़ने से उन पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस वृद्धि विश्वविद्यालय की स्पष्ट अनुमति या संस्तुति के बिना की गई है।
रवि पंडित ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली गई तो छात्र आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के बाद कॉलेज बंद कराने और आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए और कहा कि छात्रों को अपराधी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।
एमए इकोनॉमिक्स के छात्र जावेद गद्दी ने दावा किया कि अलग-अलग मदों में फीस में करीब 1200 से 1500 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि वोकेशनल, नगर निगम टैक्स और अन्य मदों के नाम पर फीस बढ़ाई गई है, लेकिन इन मदों का स्पष्ट विवरण छात्रों को नहीं दिया गया है। जावेद गद्दी ने विश्वविद्यालय अधिनियम का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि फीस बढ़ाने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
छात्रों की मांग है कि बढ़ी हुई फीस तत्काल वापस ली जाए और जिन विद्यार्थियों ने बढ़ी हुई फीस जमा कर दी है, उनकी अतिरिक्त राशि वापस की जाए। छात्र नेता ने कहा कि इस संबंध में कॉलेज प्रशासन से पहले भी वार्ता हो चुकी है और आगे भी वार्ता प्रस्तावित है। मांगें नहीं मानी गईं तो क्रमिक आंदोलन के बाद भूख हड़ताल और अनशन जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव कुर्मी हरेंद्र सिंह कन्नौजिया ने फीस वृद्धि को लेकर कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ विद्यार्थियों की फीस करीब 1200 रुपये से बढ़ाकर 3800 रुपये तक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बरेली कॉलेज में किसान, मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में पढ़ते हैं, ऐसे में फीस वृद्धि का सीधा असर उनकी शिक्षा पर पड़ेगा।
समाजवादी महिला सभा की जिला अध्यक्ष स्मिता यादव ने भी फीस वृद्धि का विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं बरेली कॉलेज की छात्रा रह चुकी हैं और उनके समय में गरीब से लेकर आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों तक के बच्चे यहां पढ़ते थे। उन्होंने फीस बढ़ोतरी को विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए बाधा बताते हुए कहा कि यदि फीस कम नहीं की गई तो छात्र अपने स्तर पर आंदोलन करेंगे।
फिलहाल फीस वृद्धि को लेकर बरेली कॉलेज के छात्रों का विरोध जारी है। समाजवादी छात्र सभा ने हस्ताक्षर अभियान के जरिए छात्रों का समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच होने वाली अगली वार्ता में इस विवाद का क्या समाधान निकलता है।
इस दौरान डॉ अनीश बेग, स्मिता यादव, परवेश यादव , नरेंद्र यादव दीपू , रवि पंडित छात्रनेता , लखपत यादव ,अनिकेत यादव , एलिजा खान , सिमरन , शिल्पी यादव , प्रियंका मिश्रा , आकांक्षा मिश्रा , हिरदेश यादव , मुकेश यादव , दीपा शर्मा , अंजली अग्निहोत्री, पंकज यादव , गजेंद्र यादव सहित कई छात्र और छात्र नेता मौजूद रहे।
















































































