बदायूं। जनपद में 9 जुलाई को बिनावर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में हुई टप्पेबाजी की घटना के आरोपित दो बदमाश बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गंगा एक्सप्रेसवे के औरंगाबाद कट के निकट बदमाशों की कार गड्ढे में फंस गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं, जिसमें एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।घायल बदमाशों की पहचान नवीन उर्फ लकी निवासी गाजियाबाद तथा पिंटू बंसल निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों को घायल कांस्टेबल के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 9 जुलाई को बिनावर स्थित एसबीआई बैंक में हुई टप्पेबाजी की घटना में वांछित थे। इनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान इनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।मौके से पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से ₹6,500 नकद, दो तमंचे (315 बोर), दो खोखा कारतूस तथा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना बिनावर थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे स्थित औरंगाबाद कट के पास की है। मामले में क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडेय ने मुठभेड़ और बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।