बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 79 लाख रुपये नकद और करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हुण्डई वर्ना कार भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आरिफ अंसारी निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ीगेट मेरठ और वसीम अंसारी निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली मेरठ हैं। मामला चोरी के मुकदमे से संबंधित है। पूछताछ में आरिफ ने पुलिस को बताया कि वह सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहां चालक का काम करता था। 10 सितंबर को वह सर्राफ के नौकर सरफराज के साथ माल लेकर बदायूं आया था। पहले से बनाई गई योजना के तहत उसने दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने के बहाने गाड़ी खड़ी की और साथी वसीम की मदद से गाड़ी में रखे रुपये व जेवरात चोरी करा दिए।आरोपियों ने शक से बचने के लिए गाड़ी का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया और चोरी को सामान्य घटना का रूप देने की कोशिश की। बाद में दोनों चोरी का माल लेकर मेरठ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरिफ के पास से 101.68 ग्राम पीली धातु के आभूषण व टुकड़े तथा वसीम के पास से 50 लाख रुपये बरामद किए। वर्ना कार से भी 29 लाख रुपये बरामद हुए।बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के सफल अनावरण और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।