एचपी इंस्टीट्यूट में छात्र संसद का गठन, नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ
बदायूं। एचपी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन में छात्र संसद के गठन के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के दौरान नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को आधिकारिक बैज पहनाकर उनके पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई गई।समारोह में चेयरपर्सन, सीसी, डीसी, कल्चरल क्लब, लिटरेरी क्लब तथा स्पोर्ट्स क्लब हेड सहित विभिन्न पदों के लिए छात्र प्रतिनिधियों को बैज प्रदान किए गए। अनुस्का शर्मा, प्रिन्सी साहू, तवरेज, मसरूफ, माणिक, अमित पटेल, दिव्या शर्मा सहित अन्य विद्यार्थियों को बैज पहनाकर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर बताया गया कि बैज केवल पद का प्रतीक नहीं, बल्कि अधिकार, जिम्मेदारी और नेतृत्व के दायित्व का प्रतीक है। यह छात्र प्रतिनिधियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के साथ अनुशासन, जवाबदेही और टीम भावना के लिए प्रेरित करता है।प्राचार्या डॉ. रतिका चावला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन ही जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होते हैं। संस्थान के चेयरमैन हर प्रसाद सिंह पटेल ने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ जीवन में अपने मूल्यों को बनाए रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। डायरेक्टर रजत पटेल ने विद्यार्थियों को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने और कॉलेज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के गजेंद्र पटेल एवं तीर्थेन्द्र पटेल ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।समारोह में कॉलेज के पूर्व छात्र (Alumni) प्रशांत यादव, मोहम्मद अथर, वंश गुप्ता, सचिन सिसौदिया एवं दिव्यांशी का विशेष रूप से सम्मान किया गया। वहीं प्लेसमेंट हासिल कर चुके होनहार विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जूनियर छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के साथ कॉलेज में उपलब्ध अवसरों का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है।
समापन अवसर पर सभी नव-नियुक्त छात्र प्रतिनिधियों ने संस्थान की गरिमा एवं गौरव को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में साय्मा इस्लाम, आदित्य शर्मा, शीराज, डॉ. हसीन, सुरभि सक्सेना सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
















































































