बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी हुई, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर हुई विस्तार से चर्चा
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पीजी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, व्यवहारिक विकास, अनुशासन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी भागीदारी की समीक्षा करना रहा।इस दौरान कक्षा अध्यापकों ने विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा की। शिक्षकों ने बच्चों की उपलब्धियों, उनकी रुचियों तथा उन क्षेत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। अभिभावकों ने भी बच्चों की पढ़ाई, गृहकार्य, समय प्रबंधन तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न शिक्षकों के समक्ष रखे। शिक्षकों ने उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर देते हुए बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।संगोष्ठी में विद्यार्थियों में अनुशासन, नियमितता और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा सहयोगात्मक एवं समावेशी शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपनी क्षमताओं का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षिक यात्रा में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। घर का वातावरण भी बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को प्रभावित करता है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चे के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देने, उन्हें नियमित विद्यालय भेजने, समय से गृहकार्य कराने तथा मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग को सीमित करने की अपील की। साथ ही विद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और आगामी परीक्षाओं की जानकारी भी अभिभावकों को दी गई।अभिभावकों ने अपने सुझाव साझा करते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें बच्चों की प्रगति को समझने और उनकी कमियों को दूर करने में उपयोगी साबित होती हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहा।
















































































