बदायूं। ज़ीलॉट पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के अंतर्गत किशोरावस्था शिक्षा विषय पर दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के 35 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण अवस्था में उचित मार्गदर्शन देने के प्रभावी तरीकों की जानकारी शिक्षकों को दी गई। विभिन्न गतिविधियों एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से कार्यशाला को प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक बनाया गया। कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन डा. हेमंत अग्रवाल एवं अंकुर फरस्वाल ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। दोनों विशेषज्ञों द्वारा संचालित सत्र प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहे। उन्होंने किशोर विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को समझने तथा उनके साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति लता ने कार्यशाला के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशिका सोनाली सचदेवा, मुरारी मोहन सक्सेना, आशीष सक्सेना, नीलम जौहरी, मनी पाठक, अरूण कुमार शाह, मो. आजम खान एवं मो. सोहेल का विशेष योगदान रहा।