बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक शातिर आरोपी को 135 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार 26/27 जुलाई की रात प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक मुनेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक नितिन राणा, हेड कांस्टेबल फहीम चौधरी और कांस्टेबल कपिल चौहान सुरेश शर्मा नगर कॉलोनी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर तेजी से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि कुमार (44 वर्ष), पुत्र श्यामलाल, निवासी लोंगपुर, थाना फरीदपुर, बरेली बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 135 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इस संबंध में थाना बारादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खेती से पर्याप्त आमदनी न होने के कारण उसने चरस की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी थी और राह चलते लोगों को बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।