बरेली। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ भारत गौ रक्षा प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष महेंद्र पाल कश्यप ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। महेंद्र पाल कश्यप ने बताया कि 29 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ज्ञापन में मांग की गई कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली, अंडा, देशी-विदेशी मदिरा तथा अन्य नशीले पदार्थों की दुकानों को यात्रा अवधि के दौरान बंद कराया जाए। इसके अलावा मांग की गई कि यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानदार अपनी दुकानों के सामने दुकान मालिक का नाम, फोटो, जाति एवं धर्म दर्शाने वाले फ्लेक्स बैनर लगाएं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मार्ग एवं उसके आसपास यदि कोई मृत पशु या टूटे हुए पेड़ पड़े हों तो उन्हें तत्काल हटाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महेंद्र पाल कश्यप ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर रात्रिकालीन पुलिस सुरक्षा, स्वास्थ्य शिविर, पर्याप्त विद्युत प्रकाश तथा जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था कराने की भी मांग की। ज्ञापन के दौरान धीरेन्द्र पाल श्रीवास्तव, अजय , महेंद्र पाल कश्यप, अंकुर वर्मा आदि मौजूद थे।