बरेली। इनर व्हील क्लब बरेली जुपिटर द्वारा विश्व अर्थ दिवस के अवसर पर जनकपुरी पार्क में बेलपत्र सहित विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार एडवोकेट ने बेलपत्र का पौधा लगाकर की। इस अवसर पर क्लब की ओर से सभी सदस्यों और लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास ऑक्सीजन देने वाले पौधे अवश्य लगाएं और उनका नियमित रूप से देखभाल करें। पौधों को लगाने के साथ-साथ उन्हें पर्याप्त पानी और खाद देने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई और जल बचाने के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पॉलिथीन के कम से कम उपयोग और कपड़े के थैले अपनाने का संदेश दिया गया। क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रचना सक्सेना सहित नीरू, निधि, पायल, झरना और किरण सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 10 पौधों का रोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।