बरेली। नवाबगंज ब्लॉक के ग्राम मल्लहपुर में स्कूल न खोले जाने के विरोध में पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष सुनीता गंगवार ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने बच्चों की वहीं कक्षाएं लगाकर शिक्षा विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की।सुनीता गंगवार ने कहा कि सरकार और न्यायालय के निर्देशानुसार एक किलोमीटर से अधिक दूरी वाले स्कूलों को खोला जाना चाहिए, लेकिन शिक्षा विभाग इन निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। इससे बच्चों के शिक्षा के मौलिक अधिकार का हनन हो रहा है। उन्होंने लगभग तीन घंटे तक बच्चों को वहीं पढ़ाया। प्रदर्शन के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बाहर आए और उन्होंने मौखिक आश्वासन दिया कि स्कूल खोलने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। इस पर सुनीता गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि स्कूल नहीं खोला गया तो यहां अनिश्चितकालीन कक्षाएं चलती रहेंगी, जब तक स्कूल के ताले नहीं खुलते।उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग, स्थानीय नेता और अधिकारी मिलकर स्कूलों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि सरकार के निर्देशानुसार जिन स्कूलों को एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर मर्ज किया गया है, उन्हें तत्काल खोला जाए। खंड शिक्षा अधिकारी के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।