बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर खड़े शीरे से भरे टैंकर से बोलेरो कार अनियंत्रित होकर टकरा गई और बीच में एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया।बताया गया कि बीती रात टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर के बाद बस को सड़क से हटाकर खड़ा कर दिया गया था, लेकिन टैंकर आंशिक रूप से सड़क पर ही खड़ा रहा। दोपहर में हाईवे से गुजर रही बोलेरो फिसलकर टैंकर में जा घुसी, जिसकी चपेट में बाइक सवार दो लोग भी आ गए। हादसे में बोलेरो सवार मनमोहन सिंह पुत्र नत्थू लाल निवासी टांडा सिकंदरपुर नगरिया विक्रम, एक अज्ञात व्यक्ति तथा बाइक सवार शहजाद खां पुत्र बाले खां और मुमताज पुत्र इमदाद खां निवासी अटा कायस्थान की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल के सीएमओ डॉ. केके निर्मल के अनुसार तीन शव अस्पताल लाए गए हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।वहीं एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सड़क किनारे खड़े खराब टैंकर से टक्कर के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो और बाइक सवार लोग इसकी चपेट में आ गए। जिसमें पांच लोगों की मौत हुई है और तीन घायल है।