बरेली। पंजाबी सेवा कल्याण समिति द्वारा 22वें पंजाबी वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन आगामी 9 अप्रैल को श्री हरि मंदिर, बारात घर, मॉडल टाउन में किया जाएगा। इसकी जानकारी महामंत्री लोकेश कालडा ने दी ।समिति के अध्यक्ष सतीश लुनियाल ने बताया कि इस प्रकार के सम्मेलन अत्यंत आवश्यक हैं। यह मंच योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने और उपयुक्त जीवनसाथी चुनने का अवसर प्रदान करता है।इस वर्ष समिति ने एक नई पहल करते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की है, जिससे युवक-युवतियां घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं और प्रोफाइल देख सकते हैं। इससे आपसी समझ विकसित करने और सही जीवनसाथी के चयन में आसानी होगी। किसी भी प्रोफाइल के संबंध में जानकारी हेतु सतीश लुनियाल से संपर्क किया जा सकता है।महामंत्री लोकेश कालरा ने बताया कि अब तक लगभग 120 पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 280 पंजीकरण कार्यक्रम स्थल पर किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में समिति की महिला इकाई का विशेष योगदान रहा है।महिला इकाई की अध्यक्षा इन्दू सेठी ने कहा कि कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी तथा बड़ी संख्या में परिवारों के शामिल होने की संभावना है। आगंतुकों के लिए जलपान, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गई है।यह आयोजन समिति के संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन में सतीश लुनियाल की अध्यक्षता में संपन्न होगा, जबकि संचालन महामंत्री लोकेश कालरा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में कई प्रमुख समाजसेवी एवं महिला इकाई की सदस्याएं भी उपस्थित रहेंगी।