एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस ने महाप्रबंधक का किया स्वागत, 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर कर्मचारियों की समस्याएं उठाईं
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय वोरवणकर के इज्जतनगर आगमन पर एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस, इज्जतनगर मंडल ने लोको शेड में उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पीसीएमई) नरेश कुमार का भी संगठन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।स्वागत के उपरांत एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने महाप्रबंधक एवं पीसीएमई को इज्जतनगर मंडल और रेल कारखाना के कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराते हुए संगठन की ओर से 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।मंडल अध्यक्ष अनवारुल हसन ने कर्मचारियों की सुरक्षा, पदोन्नति, कार्य परिस्थितियों, चिकित्सा सुविधाओं, रेलवे आवासों की मरम्मत, रिक्त पदों पर भर्ती तथा विभागीय कर्मचारियों से होने वाले कार्यों को ठेके पर दिए जाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए इनके त्वरित समाधान की आवश्यकता बताई।मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने बताया कि मांगपत्र में मंडल चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, रेलवे आवासों एवं कॉलोनियों की मरम्मत, आठ घंटे का ड्यूटी रोस्टर लागू करने, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, जीडीसीई अधिसूचना जारी करने, लैब कर्मचारियों के इंसेंटिव भुगतान, लंबित पदोन्नति प्रकरणों के निस्तारण, रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार रोस्टर प्रणाली का पालन तथा कार्यस्थलों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सहित कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
संगठन ने विशेष रूप से कारखाना इज्जतनगर में विभागीय कर्मचारियों की उपलब्धता के बावजूद नियमित प्रकृति के कार्यों को ठेके पर कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए मांग की कि ऐसे कार्य विभागीय कर्मचारियों से ही कराए जाएं, जिससे कर्मचारियों के हित सुरक्षित रहें और रेलवे संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
महाप्रबंधक उदय वोरवणकर एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर नरेश कुमार ने संगठन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव, शाखा अध्यक्ष बी.के. कटियार, शाखा मंत्री आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।















































































