बरेली। कला, साहित्य एवं भारतीय संस्कृति को समर्पित संस्था यूथ वेलफेयर सोसायटी द्वारा हिंदी रंगमंच दिवस के अवसर पर नावेल्टी चौराहा स्थित उपजा प्रेस क्लब में एक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आगामी रविवार, 05 अप्रैल 2026 को “रंगकर्म गौरव सम्मान समारोह 2026” आयोजित करने का निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम चौपला चौराहे स्थित रोटरी भवन प्रांगण में दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित होगा।संस्था के अध्यक्ष गोविंद सैनी ने कहा कि हिंदी रंगमंच को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से न केवल कलाकारों को सम्मान मिलता है, बल्कि युवा पीढ़ी भी रंगमंच की ओर प्रेरित होती है।कार्यक्रम संयोजक पवन कालरा ने बताया कि समारोह में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के उन रंगकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने रंगमंच की विभिन्न विधाओं के माध्यम से अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बरेली का नाम रोशन किया है।इस अवसर पर संस्था के संरक्षक उमेश प्रजापति, मोहम्मद नवी, नाहिद बेग, अमित आनंद, रतन श्रीवास्तव तथा महिला प्रकोष्ठ से शालू सैनी, हरजीत कौर, जैनब फातिमा, पूजा कालरा और सीमा श्रीवास्तव मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन रवि प्रकाश सक्सेना ने किया।अंत में वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्यमी पवन सक्सेना ने आगामी “रंगकर्म गौरव सम्मान 2026” के सफल आयोजन के लिए संस्था परिवार एवं कलाकारों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।