बरेली। विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल गंगवार और पूर्व मंत्री प्रवीन सिंह ऐरन के नेतृत्व में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल गंगवार ओरपूव मंत्री प्रवीन सिंह ऐरन ने कहा कि किसान इस समय गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है और उसे तत्काल राहत की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आलू के दामों में भारी गिरावट के कारण किसान अपनी फसल खेत में ही जोतने को मजबूर हो रहे हैं। इससे किसानों के सामने बच्चों की पढ़ाई, शादी, इलाज और बैंक कर्ज चुकाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नेताओं ने किसानों का कर्ज माफ करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। ज्ञापन में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सरकारी व निजी स्कूलों में समान पाठ्यक्रम लागू करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा ओसवाल, बजाज और बहेड़ी चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने की मांग की गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में जन्म, मृत्यु, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र ग्राम प्रधान की सहमति से जारी करने की मांग की जिससे किसान का पैसा बर्बाद नहीं हो तथा गेहूं और धान खरीद केंद्र प्रत्येक पंचायत में स्थापित कर पारदर्शी तौल सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।ज्ञापन के दौरान छेदा लाल, राजकुमार दिवाकर , ओमप्रकाश , मोहम्मद इसरार , चंद्रपाल, भगवान दास, बाबूराम आदि मौजूद थे।