कामदा एकादशी पर मंदिर में भव्य श्याम गुणगान, फूलों से सजा दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बरेली। चैत्र मास शुक्ल पक्ष की पावन कामदा एकादशी के अवसर पर श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का दिव्य श्रृंगार एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सुबह मंदिर परिसर में कलकत्ता और बैंगलोर से मंगाए गए आकर्षक फूलों से बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। सजे हुए दरबार की एक झलक पाने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भक्तिभाव से दर्शन किए।
मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि कामदा एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा मंदिर की ओर से की गई। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से अनेक भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हुई हैं—किसी को संतान सुख, तो किसी को रोगों से मुक्ति और व्यापार में उन्नति प्राप्त हुई है।
शाम को भजन संध्या का शुभारंभ हुआ, जिसमें भजन गायकों अमरीश कटेरिया, सीमा कटेरिया, मोहन दीवाना और प्रसिद्ध भजन गायिका सोनल चंचल ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। जैसे ही “श्याम तेरी बंसी पुकारे” भजन गूंजा, पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो उठा और श्रद्धालु झूमने लगे। गुरु गणेश सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम ने आध्यात्मिक वातावरण को और भी प्रगाढ़ कर दिया।
संगीतकारों में आरगन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन और पैड पर अंकुर कश्यप ने सुर-ताल का शानदार संगम प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। साउंड व्यवस्था बिपिन कश्यप द्वारा संभाली गई।
इस मौके पर अनुपम टीबडेबाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोरा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेन्द्र भसीन, अंकुर गुप्ता, जगमोहन, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इन्द्रेश जी, आदित्य, राजकुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।














































































