बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 27 मार्च की है, जब अशोक विहार कॉलोनी निवासी केहरी सिंह ने सूचना दी कि उनके पुत्र शिवा पटेल की गौरव, पारस, रचित शर्मा समेत अन्य साथियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस संबंध में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस को 29 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने डेलापीर से विलयधाम पुल के पास हाईवे किनारे से गौरव (20 वर्ष), पारस (19 वर्ष) और रचित शर्मा (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी गौरव ने बताया कि घटना वाले दिन शिवा पटेल से गाली-गलौज के बाद उसने अपने साथियों को बुलाकर उसे घर से बुलवाया। विवाद बढ़ने पर साथियों ने शिवा को पकड़ लिया और गौरव ने चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और चाकू को बग्गा ग्राउंड में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।