बरेली। समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में छात्रों ने हालिया नियुक्तियों में अनियमितता, आरक्षण नियमों के उल्लंघन और छात्र समस्याओं को लेकर विरोध जताया। छात्रों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मिलने पहुंचा, लेकिन उनके “आउट ऑफ स्टेशन” होने की सूचना पर आक्रोश फैल गया। नाराज छात्रों ने “वीसी लापता हैं” लिखे पोस्टर लेकर नारेबाजी की और परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर जातिवाद और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए। अविनाश मिश्रा ने कहा कि नियुक्तियों में पारदर्शिता का अभाव है और योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर छात्रों ने कुलपति के नाम संबोधित ज्ञापन रजिस्ट्रार को सौंपा। ज्ञापन में नियुक्तियों में अनियमितता, आरक्षण उल्लंघन के साथ छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था, पेयजल संकट और बढ़ी फीस जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।