बरेली। वैश्य वर्ग को सनातन समाज का मुकुट बताते हुए समाज के एकीकरण के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन आगामी 29 मार्च को पीलीभीत बायपास रोड स्थित गोल्डन फार्म में किया जाएगा।यह जानकारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने देते हुए बताया कि जब-जब राष्ट्र एवं समाज को आवश्यकता पड़ी है, वैश्य वर्ग ने अग्रणी भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में वैश्य समाज कई उपवर्गों में विभाजित हो गया है, जिसके कारण उसकी सामूहिक पहचान प्रभावित हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बदायूं विधायक महेश गुप्ता, आगरा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल शामिल होंगे।पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेश जसोरिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वैश्य समाज के प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्न 2:30 बजे तक चलेगा। बैठक में मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, मंडल प्रभारी समित अग्रवाल, जिला अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल (डब्बू), महानगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता, संयोजक विपिन गुप्ता, ईशान गुप्ता, कैलाश मित्तल, डॉ. नवनीत वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।