बरेली। छावनी परिषद बरेली द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर जल संरक्षण एवं उसके महत्व को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ डॉ. वैभव जायसवाल द्वारा जनरल हॉस्पिटल से हरी झंडी दिखाकर किया गया, जो सदर क्षेत्र से होते हुए धूप मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। रैली में प्रतिभागियों ने जल संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से आमजन को जल बचाने का संदेश दिया। रैली के समापन के बाद नव ज्योति नाट्य संस्था बरेली के कलाकारों द्वारा जल संरक्षण पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता को सरल एवं प्रेरक तरीके से दर्शाया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल बचाने की शपथ भी ली। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक श्री पारस, पार्षद डॉ. वैभव जायसवाल, आरएमओ डॉ. वंदना, सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी सहित छावनी परिषद का समस्त स्टाफ, स्वच्छ भारत मिशन टीम (गाइडेड फॉर्च्यून समिति), कैंटोनमेंट हॉस्पिटल के कर्मचारी, आर.एन. टैगोर स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। छावनी परिषद द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के सफल समापन पर नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था के कलाकारों ने मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन का आभार व्यक्त किया।