बरेली। पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति (रजिस्टर्ड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद वर्मा मंगलवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय इकाई का विस्तार करते हुए कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की। इस दौरान आयोजित बैठक में उन्होंने संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विनोद वर्मा ने बताया कि उनकी समिति वर्तमान में देश के 17 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और उत्तर प्रदेश के लगभग 40 जनपदों में संगठन का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करना समिति का मुख्य उद्देश्य है। इसी क्रम में संगठन की ओर से 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा गया है, जिसमें पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, टोल फ्री सुविधा, भूमि आवंटन, आयुष्मान योजना का लाभ और पत्रकार सुरक्षा कानून जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। विनोद वर्मा ने जोर देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसलिए पत्रकारों को आर्थिक, सामाजिक और पेशेवर सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पत्रकारों के लिए न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक पेंशन, 50 वर्ष की आयु के बाद विशेष पहचान पत्र, और परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही सरकार से मांग की गई कि पत्रकारों के लिए स्पष्ट मानक तय कर उनकी सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी जाए।