बदायूं। होपयुनिटी हेल्पिंग बेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में राजकीय महिला महाविद्यालय,की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की रानी लक्ष्मीबाई तृतीय इकाई की छात्राओं ने स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकासखंड जगत के ग्राम पड़ौआ में एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था एवं स्वयंसेविकाओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई तथा घर-घर जाकर ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान की गई। संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने स्वयं घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व योजना ज्ञ स्वयं सहायता समूह सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों को उन्हें शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग से प्रीति चौहान ने भी महिलाओं से संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने परिवार एवं बच्चों की सुरक्षा, स्व और घरेलू हिंसा से निपटने के लिए कुछ महत्वपूर्ण उपाय , तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए महिलाओं को अपने घर-परिवार में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा सामाजिक उत्थान की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।