बरेली। भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंडल स्तर पर धरना प्रदर्शन कर मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने बताया कि रबी की फसल तैयार होने के बावजूद सरकार द्वारा अब तक खरीद केंद्रों पर कांटे और बोरियों की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द सभी केंद्रों को दुरुस्त कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा किसानों ने गैस की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मंडल स्तर पर किसानों को गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कटाई के समय बिजली कटौती कर दी जाती है, जिससे मशीनों के संचालन में बाधा आती है। साथ ही कई स्थानों पर बिजली की पुरानी और जर्जर लाइनें भी बड़ी समस्या बनी हुई हैं। उन्होंने मांग की कि कटाई से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाए और अनावश्यक कटौती बंद की जाए। किसानों का कहना था कि देश की तरक्की में किसान हमेशा से योगदान देता आया है और आगे भी देता रहेगा, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। धरना प्रदर्शन में कल्याण सिंह, वीरेंद्र कुमार, राम कुमार, टीकाराम, गुरदीप सिंह, सियाराम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।