बरेली। चैत्र मास कृष्ण पक्ष की पापमोचनी एकादशी के अवसर पर रविवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का भव्य दिव्य श्रृंगार और श्याम गुणगान का आयोजन किया गया। मंदिर को कोलकाता और बेंगलुरु से आए फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा दरबार अत्यंत आकर्षक और भक्तिमय नजर आया। बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार की झलक पाने के लिए दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि पापमोचनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा दीपक श्याम भक्त की ओर से कराई गई। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की असीम कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यहां आने वाले कई भक्तों को संतान सुख, असाध्य रोगों से मुक्ति, व्यापार में उन्नति और पारिवारिक संकटों से राहत मिलने का अनुभव हुआ है।कार्यक्रम के दौरान भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। भजन गायक अभिराज सिंह, मोहन दीवाना और प्रसिद्ध भजन गायिका सोनल चंचल ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया और श्रद्धालु झूमते नजर आए। सोनल चंचल ने अपने मधुर स्वरों से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। संगीत में आरगन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन और पैड पर अंकुर कश्यप ने सुर-ताल का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जबकि साउंड व्यवस्था की सेवा बिपिन कश्यप ने संभाली।इस अवसर पर संजय आयलानी, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोरा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेन्द्र भसीन, अंकुर गुप्ता, जगमोहन, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इन्द्रेश जी, आदित्य, राजकुमार, अंकुर कश्यप, बिपिन कश्यप, सचिन और विशाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।