बदायूँ। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बलजोर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में बल्दू स्थित परिवार न्यायालय में रिक्त पदों पर परामर्शदाता की नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में शासनादेश के निर्देशों के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं।उन्होंने बताया कि जारी सूचना के अनुसार आवेदक के पास समाजशास्त्र में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है तथा समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने की रुचि होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक के पास मास्टर डिग्री और पारिवारिक मामलों में कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु आवेदन की अंतिम तिथि तक 35 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए।उन्होंने बताया कि परामर्शदाता का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इस पद पर कार्य करने वालों को प्रतिमाह निर्धारित मानदेय प्रदान किया जाएगा, जिसमें प्रति कार्य दिवस के लिए एक हजार रुपये तथा अधिकतम 24,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय देय होगा।उन्होंने बताया कि इच्छुक पुरुष या महिला अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र के साथ शैक्षिक एवं अनुभव प्रमाण पत्रों की छाया प्रति संलग्न कर दिनांक 24 मार्च 2026 तक प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बल्दू के कार्यालय में पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं।