बरेली। शहर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और गैस एजेंसियों द्वारा बुकिंग नंबर बंद किए जाने से हो रही परेशानी को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापारी सुरक्षा फोरम ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में दिया गया। प्रभारी रोहित जिंदल और महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने संयुक्त रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार द्वारा आम जनता और व्यापारियों को गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति का आश्वासन दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद कई गैस एजेंसियों ने बुकिंग नंबर बंद कर दिए हैं। साथ ही कुछ लोग अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 2000 रुपये तक में सिलेंडर बेचे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को गैस मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।महामंत्री दीपक द्विवेदी और कोषाध्यक्ष प्रभजीत सिंह ने कहा कि जो लोग गैस सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहे हैं, उन्हें सिलेंडर कौन उपलब्ध करा रहा है इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी के कारण व्यापारी वर्ग को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द ही व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं बढ़ाई गई तो होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर असर पड़ सकता है।इस दौरान ज्ञापन देने वालों में रोहित जिंदल, रामकृष्ण शुक्ला, दीपक द्विवेदी, प्रभजीत सिंह, विष्णु शुक्ला, अनिल राजपूत, ऋषभ, डॉ. प्रदीप सक्सेना, हेमंत कुमार, सूरज और प्रमोद रघुवंशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।