बरेली। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और ओवर रेटिंग पर रोक लगाने के लिए जनपद में संचालित विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक टीम ने शहर की कई प्रमुख गैस एजेंसियों और उनके गोदामों की जांच कर स्टॉक का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान कुणाल इंडियन गैस, कैंट, गणेश गैस इंडियन गैस सर्विस, कचहरी, चंद्र गैस सर्विस, हार्टमैन कॉलेज रोड तथा सुरक्षा एसपी गैस सेटेलाइट, बरेली का निरीक्षण किया गया। टीम ने एजेंसियों के गोदामों में मौजूद गैस सिलेंडरों के स्टॉक का एजेंसी के ऑनलाइन स्टॉक स्टेटस से मिलान किया। सत्यापन के दौरान सभी जगह स्टॉक सही पाया गया और मौके पर कोई अनियमितता नहीं मिली। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों और मैनेजरों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गैस वितरण में किसी प्रकार की भ्रांति न होने दें। गैस सिलेंडर की बुकिंग प्राप्त होने पर जल्द से जल्द उपभोक्ताओं के घर रिफिल की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी एजेंसी के खिलाफ ओवर रेटिंग या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। संबंधित उप जिलाधिकारी और क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र व तहसील में संचालित गैस एजेंसियों की निगरानी करेंगे और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक शिखा तिवारी तथा आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार मौजूद रहे।