बरेली। बिहारीपुर खत्री धर्मशाला स्थित लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुराने बाबा कालेश्वर नाथ मंदिर में शुक्रवार को शिव परिवार की मूर्तियों की स्थापना विधि-विधान के साथ की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के बाद क्षेत्र में मूर्तियों की प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ भगवान भोलेनाथ का जयकारा लगाया। इसके पश्चात मंदिर में विधिवत शिव परिवार की मूर्तियों की स्थापना कर प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल का भंडारा भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मूर्ति स्थापना के दौरान व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा, आनंद कक्कड़, नितिन मल्होत्रा, मुकेश मेहरोत्रा, विनीत कक्कड़, सागर मेहरोत्रा, अनुराधा मेहरोत्रा, आनंद टंडन, बाबूजी, शिवाली, पूर्णिमा मेहरा, मनोज गोस्वामी, नितिन मेहरोत्रा, शिवम शर्मा और अंकुर खंडेलवाल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।