बरेली। फ्यूचर विश्वविद्यालय, बरेली के मुख्य सभागार में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मद्यनिषेध विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, मुरादाबाद क्षेत्र के निर्देशन में तथा फ्यूचर विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मद्यनिषेध अधिकारी उ.प्र. आर.एल. राजवंशी रहे। विशिष्ट अतिथियों में उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध अधिकारी मुरादाबाद क्षेत्र मनोज कुमार तथा संकल्प वेलफेयर सोसायटी, बरेली के निदेशक डॉ. प्रेम सिंह चौहान मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. ईश कक्कड़, बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वेश सिंह सहित अनेक प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का बुके और पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि आर.एल. राजवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, इसे समाप्त करने के लिए सभी को जागरूक होना होगा। उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सरकार नशा मुक्ति के लिए लगातार अभियान चला रही है और इसमें युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। वहीं डॉ. ईश कक्कड़ ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए सभी को इससे दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, निबंध, वाद-विवाद और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ ली।