बरेली के सरस्वती शिशु मंदिर में आशीर्वाद समारोह हुआ
बरेली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में आज विद्यालय परिसर में कक्षा पंचम के विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री दिनेश मलिक मंत्री बाल कल्याण समिति,प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना के साथ किया। शिशु भारती प्रमुख एवं शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश एवं मीडिया प्रभारी कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बतायाकार्यक्रम में कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों द्वारा विदाई ले रहे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीत, नृत्य, कविता और हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने साथ बिताए गए विद्यालय जीवन की यादों को साझा करते हुए भावुक क्षण भी व्यक्त किए।
विद्यालय प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा रखी।इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिनेश मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सदैव सत्य, परिश्रम और अनुशासन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें।
विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने भी विद्यालय और अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियां बनकर हमेशा साथ रहेंगी। कुछ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए । पूरे समारोह का वातावरण भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। अंत में कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती अलका नवीन, रामेश्वर सिंह, नितिन कुमार, बांकेलाल, संजीव उपाध्याय, बसंत लाल, धीरज सिंह, हिरदेश श्रीवास्तव सहित संपूर्ण आचार्य परिवार उपस्थित रहा।यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।













































































